
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी व बड़ाजामदा क्षेत्र में लौह अयस्क का अवैध कारोबार सुर्खियों में रहता है.इस अवैध कार्य को आखिर किन किन लोगों द्वारा की जा रही है,इसकी उच्च स्तरीय जांच कराने के लिए पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने कोल्हान आयुक्त के नाम जगन्नाथपुर एसडीओ को एक मांग पत्र सौपा है. मांग पत्र में कहा गया है कि पूरी दुनिया कोविड- 19 महामारी से जूझ रही है. नोवामुंडा व बड़ाजामदा में अवैध लौह अयस्क का व्यापार बेखौफ चल रहा है. लोगों का कहना है कि ज्यादातर वाहनों के कागजात नहीं रहते हैं. प्रत्येक दिन करीब 100 गाडियों की ट्रांसपोर्टिंग होती है, जिसमें 30 ही गाड़ियों का पेपर रहता है बाकी बिना पेपर के ही आस पास के क्रशरों में लौह अयस्क का भंडारण किया जाता है. इससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है. मांइस के बंद होने के बावजूद बड़े पैमाने पर लौह अयस्क के भंडारण का राज क्या है, इसके पीछे कौन-कौन से लोग हैं, यह जांच का विषय है. विगत दिनों बड़ाजामदा आउट पोस्ट के पास बंद पड़ी कोर मिनिरल्स माइंस के पास 750 मिट्रिक टन लौह अयस्क को जब्त किया गया था. पूर्व विधायक ने कहा है कि इसकी जांच होने से कई लोगों की गर्दन फंस सकती है, इसके बाद ही पता चल पाएगा कि इस अवैध भंडारण के पीछे किन लोगों का हाथ है. क्षेत्र में कई ऐसे बंद क्रशरों में फाइंस का भंडारण किया जा रहा है और इसकी आर्पूति किन-किन स्थानों पर की जा रही है इसका पता चल पाएग. नोवामुंडी व बड़ाजामदा के क्रशरों से बंगाल स्थित पुरुलिया की कंपनियों में पहुंचाया जाता है. इस कार्य में कई वरीय पदाधिकारियों की मिलीभगत होने की सूचना है.















