
जमशेदपुर : सीए संस्थान आइसीएआइ की जमशेदपुर शाखा ने अपने सदस्यों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शनिवार को वेबिनार का आयोजन किया. सीए संस्थान के सचिव सुगम सरायवाला ने बताया कि जमशेदपुर शाखा ने रिवाइज्ड कोड ऑफ एथिक्स के ऊपर वेबीनार का आयोजन कराया जिसमें इंदौर से सेंट्रल काउंसिल सदस्य केमिशा सोनी एवं मुम्बई से सीए चन्द्रशेखर वेज मुख्य वक्ता थे. जमशेदपुर के सीए रामाकांत गुप्ता ने वेबिनार का संचालन किया. कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं ने बताया कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की ख्याति उनके विशेष ज्ञान के साथ उनकी उच्चतम मानक के कोड ऑफ एथिक्स का अनुसरण करने से है. समय-समय पर इस कोड ऑफ एथिक्स में संशोधन किए जाते है ताकि सीए अपने कार्य मे उच्चतम मानक का पालन करे. आइसीएआइ ने अपने कोड ऑफ एथिक्स में अंतरराष्ट्रीय मानकों एवम वर्तमान नियामक परिवर्तन के अनुकूल संशोधन किया है जिसका सभी सीए को अनुसरण करना है, जो सीए प्रोफेशन को और ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक होगा. स्वागत भाषण चेयरमैन संजय गोयल ने दिया तथा धन्यवाद ज्ञापन योगेश शर्मा ने दिया. इस आयोजन का लाभ जमशेदपुर के 100 से ज्यादा सीए ने लिया. इस आयोजन को सफल बनाने में विकास अग्रवाल, सिद्धार्थ खंडेलवाल तथा पूरी शाखा प्रबंध समिति का सहयोग रहा.















