
जमशेदपुर : जमशेदपुर में जल्द शुरू होगा क्वॉरेंटाइन जेल. चौंक गए ना… चौंकिए मत.. जमशेदपुर पुलिस की ओर से इसको लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई है. आपको बता दें कि जमशेदपुर के साकची स्थित पुराना जेल अब होगा क्वारंटाइन जेल, यानी यहां वैसे कैदियों को रखा जाएगा जो किसी न किसी अपराध में शामिल होगे, उन्हें पहले सीधे जेल ना भेजकर, इस जेल में 21 दिनों तक क्वारंटाइन पर रखा जाएगा. उसके बाद उन्हें घाघीडीह स्थित मंडल कारा शिफ्ट कर दिया जाएगा.
जानकारी देते हुए जमशेदपुर सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि इस को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है. वैसे सिटी एसपी इस जेल में कितने कैदियों को शिफ्ट करने की योजना है, के सवाल पर कुछ भी बताने से बचते रहे. सिटी एसपी ने बताया कि यह फैसला कोरोना संकट को देखते हुए लिया गया है. वहीं उन्होंने बताया कि इस जेल में कमिश्नरी लेवल के अपराधियों को 21 दिनों के क्वॉरेंटाइन में रखा जाएगा.

वर्तमान में साकची के इस पुराने जेल में सैट के जवान रहते हैं, जिसे खाली करा लिया गया है, और क्वॉरेंटाइन जेल बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. वैसे एक बार फिर से यह जेल कैदियों से गुलजार होने जा रहा है.







