
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बहरागोड़ा के शहीद जवान के परिजनों से मिलने वालों का तांता लगा हुआ है. काफी संख्या में लोग सामने आ रहे है. शहीद परिवार के गांव बहरागोड़ा के चिंगड़ा पंचायत के कोसाफलिया गांव में जहां नेतागण कम ही जाते है, वहां तक लोग पहुंचे. सांसद विद्युत वरण महतो ने वहां पहुंचकर अपनी ओर से सांसद फंड से पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपये देने की अनुसंशा कर दी. वे पूरे परिवार से जाकर मिले.
परिवार से मिलकर दुख व्यक्त किया. सांसद ने परिवार को सांत्वना दिया. सांसद ने कहा कि चीन के कार्यवाही का जवाब भारतीय जवान और सरकार देगी. उन्होंने कहा कि भारत 1962 का भारत नही है. पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है. भारतीय सरकार और जवान चीन को करारा जवाब देगी. उन्होंने कहा कि युवक का शहादत बेकार नहीं जायेगी. सरकार और सेना चीन को इसका जवाब जरूर देंगी. सांसद ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और वे खुद परिवार के साथ हैं. हर संभव परिवार का सहयोग किया जाएगा. उन्होंने अपने निजी स्तर पर शहीद के परिवार को 1 लाख रुपये आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की है.
विधायक समीर महंती ने शहीद जवान के पिता को किया आर्थिक सहयोग, कहा-सरकार शहीद परिवार के साथ है
शहीद की घटना की सूचना पाकर बहड़ागोड़ा के विधायक समीर महंती गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मिलकर सांत्वना दिया. विधायक श्री महंती ने शहीद के पिता सुखदा हांसदा और उसके बड़े भाई दिनेश हांसदा से मिलकर दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार परिवार के साथ है. उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया है कि वे राज्य के सीएम हेमंत सोरेन से दूरभाष पर बात कर घटना की जानकारी दी है. सीएम ने उनसे कहा है कि शहीद जवान के बड़े भाई को सरकारी नौकरी दी जाएगी. उन्होंने शहीद के पिता को अपने स्तर से 5000 रुपये देकर आर्थिक सहयोग किया. श्री महंती ने इस संबंध में उन्होंने कहा कि शहीद होने का दुख उन्हें भी है, पर उन्हें गर्व है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के एक जवान अपनी धरती मां की रक्षा करते हुए शहीद हो गया है. उन्होंने शहीद जवान के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की.
कुणाल ने ही दुनिया को जानकारी दी कि बहरागोड़ा का युवक शहीद हो गया है
बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने सबसे पहले अपने ट्विट से दुनिया को जानकारी दी कि बहरागोड़ा का उनका लाल चीन के हमले में शहीद हुआ है. उन्होंने सभी को जानकारी दी और भारत सरकार से पीड़ित परिवार की सहायता की अपील की. उन्होंने कहा कि अमर शहीद की शहादत बेकार नहीं जायेगी और चीन को उसकी औकात भारत बता देगा. जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरा भारत शहीद परिवार के साथ है.

डॉ गोस्वामी शहीद गणेश हाँसदा के परिजनों से मिले
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने बहरागोड़ा प्रखंड के कोसाफलिया गांव जाकर शहीद गणेश हांसदा के परिजनों से मिले तथा परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की. 21 वर्षीय गणेश हांसदा दो वर्ष पूर्व भारतीय सेना में सम्मिलित हुआ था. लद्दाख स्थित भारत – चीन सीमा पर चीनी सैनिकों ने गणेश सहित कई जवानों की हत्या कर दी. डॉ गोस्वामी ने गणेश के पिता सुकदा हांसदा को ढांढस देते हुए कहा कि पूरा देश उनके परिवार के साथ है. इस अवसर पर डॉ गोस्वामी ने कहा कि गणेश हांसदा का शहादत व्यर्थ नहीं जाएगा. चीन ने भारत से पंगा लिया है.
चीन समझ ले कि अब भारत सन् 1962 का नहीं अपितु सन् 2020 का भारत है जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे मजबूत हाथों में है. चीन अब अपने सैनिकों की लाशें गिनना शुरू करे तथा चीन अब अपनी बर्बादी की कहानी लिखना प्रारम्भ करे. डॉ गोस्वामी ने भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी से फोन पर शहीद गणेश हांसदा के माता-पिता से से बातें कराया. डॉ गोस्वामी के साथ बहरागोड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष बाप्टु साव, मंडल महामंत्री राजकुमार कर, पूर्व महानगर अध्यक्ष नंदजी प्रसाद, भाजपा नेता वत्स घोष, श्यामसुन्दरपुर मंडल भाजयुमो अध्यक्ष दुर्गा पद गिरि, भाजपा नेता रतन दास, कमलकांत बेरा , बाघराय मान्डी, परमेश्वर हेम्ब्रम, अश्विनी घोष, मनोज बासुरी भी शहीद गणेश हाँसदा के परिजनों से मिले.







