
जमशेदपुर : जमशेदपुर में अनलॉक-2 के नियमों का अनुपालन सख्ती से शुरू कर दिया गया है. जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला व एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन द्वारा कोरोना संक्रमण के रोकथाम और बचाव के उद्देश्य से गुरुवार को पारडीह चेक पोस्ट, कटिन चेक पोस्ट (कमलपुर थाना), कांदरबेड़ा चेक पोस्ट, आदित्यपुर टोल ब्रिज चेक पोस्ट, मानगो के संत जोसेफ अस्पताल एवं उमा अस्पताल का निरीक्षण किया गया. चेकपोस्ट के निरीक्षण के क्रम में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों व पुलिस बलों से विधि-व्यवस्था को दुरूस्त बनाये रखने के कार्यों से अवगत हुए. इस दौरान उन्होने आगंतुक पंजी की भी जांच की तथा प्रतिनियुक्त कर्मियों से आगंतुकों के नाम, पता, मोबाइल नंबर दर्ज करने का निर्देश दिया. साथ ही अंतर्राज्यीय आगंतुकों को बिना वाहन पास जिले में एंट्री नहीं देने का सख्त निर्देश दिया गया. जमशेदपुर के वरीय पदाधिकारियों द्वारा सभी को सजग रहते हुए पूरी तत्परता के साथ कार्य करने की बात कही गई तथा चेकपोस्ट पर तैनात दंडाधिकारियों व पुलिस के जवानों के स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उपायुक्त व वरीय पुलिस अधीक्षक ने संत जोसेफ अस्पताल एवं उमा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भी निरीक्षण किया. दोनों वरीय पदाधिकारियों द्वारा कोविड-19 हेतु दोनों अस्पताल में 60 बेड का वार्ड, एक सप्ताह में आकस्मिक परिस्थिति में तैयार रखने के संबंध में विमर्श किया गया. आपको बता दें कि मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है. इसको देखते हुए बेड की कमी भी हो सकती है, जिसको देखते हुए यह तैयारी की जा रही है.

कमलपुर पंचायत में मनरेगा के तहत क्रियान्वित योजनाओं का किया गया निरीक्षण
उपायुक्त द्वारा पटमदा प्रखंड के कमलपुर पंचायत में मनरेगा के तहत क्रियान्वित किए जा रहे योजना का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले पिछले बार निरीक्षण किये गये सरंगिडीह गाँव के पूर्ण चंद्र सहिस के डोभा का निरीक्षण किया गया. पानी भरे रहने के कारण लाभुक द्वारा काम रोके जाने की बात कही गई. अर्जुन सहिस द्वारा विकलांग पेंशन रुक जाने की शिकायत पर उपायुक्त द्वारा जांच कर पेंशन शुरू करने की बात कही गई. सारंगिडीह गाँव पहुंचने पर पाया गया कि हरिमंदिर के बगल में ग्रामीणों द्वारा बिना अनुमति के लॉक डाउन का उल्लंघन करते हुए हनुमान मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा किया जा रहा था. उपायुक्त द्वारा तत्काल पुजारी और व्यवस्थापक पर कानूनी कार्रवाई का निर्देश प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को दिया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा पुजारी, व्यवस्थापक सहित अज्ञात 100 लोगों के विरुद्ध डीएम एक्ट के सुसंगत धाराओं में कमलपुर थाना में एफआईआर किया गया है. क्षेत्र के सभी कपड़े और जूता दुकानों को बन्द कराने का भी निदेश दिया गया. इस अवसर पर डीएसपी पटमदा, अंचलाधिकारी पटमदा, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी पटमदा और थाना प्रभारी पटमदा उपस्थित थे.







