आदित्यपुर / जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मृतक के परिजनों ने शव की आंख से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया. सूचना मिलते एमजीएम के अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे है. उनका कहना है कि शव के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हुई है. परंतु परिजन इसे मानने से इंकार कर रहे है. मृतक की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बलाइडीह बस्ती निवासी राजू प्रमाणिक के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

उसके दोस्त राहुल ने बताया कि बुधवार सुबह उसने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी. सूचना मिलते ही परिजन उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे. स्थिति नाजुक होने के कारण उसे एमजीएम रेफर किया गया. वहां से परिजन उसे एमजीएम लेकर आये, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. रात होने के कारण परिजन शव को एक दिन के लिए मॉर्चरी में रखे. मृतक के परिजन गुरुवार सुबह मॉर्चरी से शव लेने पहुंचे तो देखा कि उसकी आंखों में असामान्य लालिमा है, जो पहले नहीं थी. उसके बाद परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया. राजू घर का इकलौता चिराग था और वह पेंटिंग का काम करता था. खबर लिखे जानें तक परिजन अधीक्षक के समक्ष हो हंगामा कर रहे है.















