
जमशेदपुर : सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच, जमशेदपुर ने भोजपुरी के महानायक व महान सांस्कृतिक योद्धा स्वर्गीय भिखारी ठाकुर की 49वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को केबुल टॉउन स्थित प्रदीप सिंह भोजपुरिया के आवास पर मनायी. इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्व भिखारी ठाकुर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान पूरी तरह मास्क लगा कर सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतः पालन किया गया. इस अवसर पर मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया ने कहा कि स्व भिखारी ठाकुर को भोजपुरी जगत का शेक्सपियर कहा जाता है. उन्होंने सामाजिक कुरीति को दूर करने के लिए कला नाटक जैसे गब्बर घी चोर, बेटी बेचवा, विधवा विलाप, बिदेशिया इत्यादि के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाई व उसे दूर करने का साहसिक प्रयास किया. ऐसी महान विभूति को भोजपुरी समाज नमन करता है. सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच भारत सरकार से मांग करता है कि भिखारी ठाकुर को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ दिया जाये. इस अवसर पर यमुना तिवारी ‘हर्षित’, ललित नारायण पाण्डेय, योगेन्द्र यादव, मनोज सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







