
जमशेदपुर : वैश्विक संकट कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है. झारखंड, खासकर लौह नगरी जमशेदपुर में हर दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है. वहीं जिले में बढ़ रहे संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. जहां सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जरूरी दिशा निर्देशों का पालन कराए जाने को लेकर जमशेदपुर पुलिस- प्रशासन की ओर से सड़क पर सख्ती शुरू कर दी गयी है.
जहां शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक विभाग के साथ स्थानीय थाना द्वारा सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है. जहां सड़कों पर ऑटो चालकों और डबल राइडिंग बाइक सवार के अलावा चार चक्का वाहनों के खिलाफ विभाग द्वारा सख्ती के साथ फाइन भी काटा गया. वहीं मास्क नहीं पहननेवालों और नियमों की अवहेलना करनेवालों को जबरदस्त फटकार लगाते हुए जुर्माना वसूला गया. वही विभाग ने साफ कर दिया है कि अब यह अभियान लगातार जारी रहेगा. वहीं विभाग के इस कार्रवाई के बाद नियम कानून को ताक पर रखकर चल रहे लोगों में हड़कंप देखा गया.
जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला और एसएसपी डॉ एम तमिल वणन ने संयुक्त रुप से मीटिंग कर आदेश दिया है कि इसको लेकर अभियान चलाया जाये. लोगों को सड़क पर एक मोटरसाइकिल पर अकेले और टेम्पो में सिर्फ दो लोग को ही बैठाया जाना है. ज्यादा सवारी बैठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है. इसके अलावा लॉकडाउन में सख्ती बरती गयी है. बाजारों में बेवजह भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है. बैंक्वेट हॉल, सामुदायिक भवन में कोई कार्यक्रम तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उद्घाटन-शिलान्यास के कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित रखना है. इसके अलावा मास्क नहीं पहनकर घर से निकलने वालों पर सीधे एफआइआर कर जेल भेजा जायेगा. इसके लिए दो कैंप जेल भी बना दिया गया है. साकची मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल और केबुल टाउन स्थित केबुल कंपनी केरला पब्लिक स्कूल को कैंप जेल बना दिया गया है.

अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश :
- ठेले के पास खड़े होकर ना खाएं, होम डिलिवरी की सुविधा रहे.
- दुकानों के पास एक बार में 5 से अधिक लोग खड़े ना हों तथा वे आपस में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन अवश्य करें.
- बाइक पर 1 व्यक्ति, ऑटो में दो सवारी तथा ऑटो चालक एक प्वाइंट से दूसरे प्वाइंट के बीच सवारी ना लें.
- 5 से ज्यादा लोग एक जगह पर ना रहें.
- कंटेनमेंट जोन चिन्हित होने पर यथाशिघ्र कंट्रोल रूम की स्थापना, घर-घर सर्वे, सूखा राशन वितरण सुनिश्चित करें.
- संक्रमित के संपर्क में आए हाई रिस्क, मिडियम रिस्क या लो रिस्क के लोगों को क्वारंटाइन कराते हुए चौथे या पांचवें दिन सैंपल लें। यथासंभव प्रयास करें उक्त सभी संस्थागत क्वारंटाइन में रहें.
- वैसे दुकानों को चिन्हित करें जिसके बाहर ज्यादा भीड़ जमा होती हो, संबंधित को चेतावनी दें, स्थिति में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई सुनिश्चित करें.
- जिन कार्यों को ऑनलाइन किया जा सकता है वैसे में पेपर का आदान-प्रदान से बचें.
- जिन लोगों के स्वाब का सैंपल जांच हेतु लिया जा रहा अगर में सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर सकें तो होम क्वारंटाइन की अनुमति दें अन्यथा संस्थागत क्वारंटान में रखें.







