
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके चाकुलिया प्रखंड के भातकुंडा गांव निवासी बुजुर्ग महिला मोती नायक गुरूवार को बैंक से पेंशन की राशि उठाने के लिए किसी तरह लाठी टेकते हुए चाकुलिया के बैंक पहुंची. बुजुर्ग महिला ने कहा कि बैंक के बाहर घंटो बैठने के बाद जब अंदर गई तो उसे पता चला कि उसके खाता में पेंशन की राशि नही आई है. उसे कल यानी शुक्रवार को आने की बात कही गई. बुजुर्ग महिला बैंक से घर ना जाकर वह चाकुलिया रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर के चबुतरा में सोई थी ताकि सुबह बैंक जाकर रूपये की निकासी करेगी. लोगों ने बाद में देर रात गांव के लोगों से संपर्क कर बुजुर्ग महिला को घर भेजवाया. बुजुर्ग महिला के रूपये निकासी नही कर पाने और रात में मंदिर के चबुतरा में रात गुजारने की खबर ”शार्प भारत” (www.sharpbharat.com) में प्रकाशित होने पर जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला ने तत्काल गंभीरता से लिया. इस मामले में उनके एकाउंट को चेक किया गया. एकाउंट में पता चला कि हर माह उक्त बुजुर्ग महिला को पेंशन मिल रहा है. जमशेदपुर डीसी रविशंकर शुक्ला ने समाचार पर संज्ञान लेते हुए बुजुर्ग महिला को उसके घर पर ही पेंशन की राशि पहुंचाने की पहल की. चाकुलिया के बीडीओ लेखराज नाग को डीसी ने इस पर पहल की. डीसी के आदेश के आलोक में बीडीओ लेखराज नाग ने पूरी टीम को भेजा. इस आदेश पर शुक्रवार को पंचायत सचिव भुवनेश्वर दास, बैंक मित्र अनिता महतो, स्वयंसेवक राजु हेम्ब्रम और गांव के डीलर दिलीप महतो उक्त बुजुर्ग महिला मोती नायक के घर भातकुंडा गांव पहुंचकर बुढ़िया को पेंशन की राशि 2200 रूपये उपलब्ध कराया. वही बीडीओ के आदेश पर बुजुर्ग महिला को 20 किलो चावल उपलब्ध कराया गया है. पंचायत सचिव ने कहा कि उक्त बुढ़िया की राशन कार्ड नही है. कहा कि जांच में पाया गया कि बुढ़िया को राशन कार्ड का फार्म भरा गया है. अभी तक स्वीकृत नही हुआ है.







