
चाईबास : जगन्नाथपुर थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने मंगलवार को थाना परिसर में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को कोरोना वायरस से बचने के उपाय बताये. साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को कानून एवं आत्मरक्षा संबंधी जानकारियां भी दी। केटलर फ़ॉर केटालाईजिंग चेंज प्रखंड समन्वयक चन्द्रप्रभा कुमारी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं को एक्सपोजर विज़िट के लिए जगन्नाथपुर थाना लाया गया था। थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बच्चों से सम्बंधित विभिन्न कानूनों के बारे मे विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि लड़कियों को शिक्षा व पढ़ाई पर ध्यान देकर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाना चाहिए। क्योंकि वर्त्तमान में शिक्षा ही एकमात्र हथियार है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को किसी घटनाओं का सामना डर कर नहीं, बल्कि साहस के साथ करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिला शक्ति देश का भविष्य है, यही दुर्गा, काली, लक्ष्मी व मर्दानी लक्ष्मी बाई है। श्री मोदक ने छात्र-छात्राओं को कोविड-19 से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि सावधानी ही इसका मूल मंत्र है। इसलिए अपनी सुरक्षा स्वयं करें, लोगो से दूरी बनाये रखे, मुंह और नाक में मास्क अवश्य लगाए, बिना काम के बाहर न निकलें, गरम पानी पीयें तथा लॉकडॉउन के नियमों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने आत्मरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए तथा कहा कि अगर आपके साथ कोई घटना होती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि पुलिस तत्काल करवाई कर सके। छात्र-छात्राओं के दल में प्रिया बिरुली, ईशा कुमारी, संतोष गोप, नैनिका लागुरी, कार्तिक सिंकू, बबिता कुमारी, आशीष गोप व अन्य शामिल थे।














