
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी आये दिन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है. बीती रात जगन्नाथपुर अनुमंडल मुख्यालय से सटे जगन्नाथपुर शहरी क्षेत्र के उरांवसाई में एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाये गये. इससे क्षेत्र में भय का भी माहौल बना हुआ है. उरांवसाई में कोरोना पॉजिटिव पाई गई एक सहिया सहित परिवार के दो सदस्य को जगन्नाथपुर सीएचसी द्वारा जांच के बाद चक्रधरपुर कोविड अस्पताल भेज दिया गया है. इसके बाद से जगन्नाथपुर अनुमंडल प्रशासन और पुलिस प्रबंधन कोरोना से बचाव को लेकर लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सख्ती से सड़कों पर उतरा और क्षेत्र का भ्रमण करते हुए जगन्नाथपुर अनुमंडलाधिकारी स्मृता कुमारी ने सभी दुकानदारों और आम जनों से अपील की. उन्होंने कहा कि बिना वजह घर से न निकलें, मास्क पहन कर निकले तथा सैनिटाईजर का प्रयोग करें और लॉकडाउन का नियमों का पालन करें. ताकि आप सुरक्षित रहें, अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें तथा प्रशासन का सहयोग करें. साथ ही यह भी कहा गया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा-पूरा ख्याल रखते हुए दूरी बनाए रखें. एक समय में एक ही ग्राहक को सामान दें. साथ ही जगन्नाथपुर मुख्य बाजार चौक पर एसडीओ स्मृता कुमारी के नेतृत्व में निकले जांच दल के द्वारा मास्क नहीं पहन कर वाहन चलाने और बाजार आने जाने वाले लोगों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान लोगों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया और कहा गया कि जब भी घर से निकलें मास्क पहन कर ही निकलें. यदी बहुत जरूरी काम न हो तो अनावशयक रूप से घर से न निकलें. दूसरी ओर कोरोना पॉजिटिव पाई गई उरांवसाई की सहिया के घर को सील कर दिया गया है तथा उसके परिवार के सभी सदस्यों का स्वाब सैंपल जांच के लिए लेने का भी स्वास्थय विभाग को निर्देश दिया गया है. उरांवसाई में पाये जाने वाले कोरोना पॉजिटिव मरीज के घर से सटे तीन-चार घर मालिकों को भी होम क्वारंटाइन का निर्देश दिया गया है. जांच दल में जगन्नाथपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार, पुलिस निरीक्षक लक्षमण प्रसाद, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक व अन्य शामिल थे.















