
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के इस संकट काल में कुल 254 व्यक्ति वायरस संक्रमण के शिकार हो चुके हैं, जिनमें से कुल 156 व्यक्ति इलाज के उपरांत स्वस्थ होकर अपने गांव-घर वापस लौट चुके हैं एवं शेष 96 व्यक्तियों का इलाज चिकित्सक की देखरेख में जारी है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस जिले में वायरस संक्रमण के जांच के लिए कुल 11,154 जांच नमूना संग्रहित किया गया हैं, जिनमें अभी तक 10,043 नमूने की जांच की गयी है, जिसमें अब तक 9,797 व्यक्ति का जांच रिपोर्ट नेगेटिव पायी गयी है एवं 749 नमूनों की जांच अभी प्रक्रियाधीन है।
उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया है कि जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से केंद्र / राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है जिसके तहत आमजनों को आवश्यक कार्यों से घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क का प्रयोग एवं सार्वजनिक स्थल एवं परिवहन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के तहत कम से कम 6 फीट की दूरी बनाए रखने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले के शहरी क्षेत्रों में स्थित नगर परिषद कार्यालय के द्वारा नियमित रूप से वार्ड एवं गलियों का सैनिटाइजेशन कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा *आमजनों से एक बार पुनः अपील करते हुए कहा गया कि वैश्विक महामारी के दौरान झारखंड सरकार के द्वारा जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त हुआ है उन निर्देशों को आपके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में लागू किया गया है, आवश्यक कार्यों से ही घरों से बाहर निकलें, कार्य के दौरान घरों से निकलते समय मास्क का प्रयोग करें एवं अपने घरों में रहें-सुरक्षित रहें।















