
जमशेदपुर : मौसम में आये बदलाव तथा सीमावर्ती राज्य ओड़िशा में लगातार हो रही बारिश के कारण वहां के डैम भर चुके है ओड़िशा के ब्यान्गबिल डैम को फिर से खोला जा रहा है, जिसकी सूचना जिला प्रशासन को ओड़िशा सरकार ने दी है. ब्यांगबिल डैम के खुलने से खरकई नदी और सुवर्णरेखा नदी एक बार फिर से उफनाने जा रही है. इसको लेकर खतरा उत्पन्न हो गया है. बाढ़ के खतरे को देखते हुए उपायुक्त सूरज कुमार ने पदाधिकारियों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी, जुगसलाई नगर परिषद एवं मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी तथा जमशेदपुर सदर के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निदेशित किया गया है कि अपने पोषक क्षेत्र के राहत शिविरों में राशन आदि की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे साथ ही पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर एवं एन्टी लार्वा रखने का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त ने कहा है कि ब्यान्गबिल (ओडिशा) खतरे के निशान तक पहुंच रहा है ऐसे में आवश्यक है कि जमशेदपुर में नदी किनारे के तटीय इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखने का वैकल्पिक व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे. इस क्रम में मंगलवार को पदाधिकारियों द्वारा राहत शिविरों का जायजा भी लिया गया तथा आकस्मिक परिस्थिति में लोगों की सुविधाओं को देखते हुए उचित व्यवस्था की जा रही है.













