
जमशेदपुर : चाकुलिया गौशाला के अध्यक्ष रहे और जमशेदपुर के प्रसिद्ध व्यवसायी स्व पुरुषोत्तम दास झुनझुनवाला के परिजनों को अयोध्या में होने वाले श्री राम मंदिर भूमि पूजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. स्व पुरुषोत्तम दास झुनझुनवाला 1992 में अयोध्या आंदोलन में विश्व हिंदू परिषद के तत्कालीन अध्यक्ष अशोक सिंघल के साथ सक्रिय रहे थे. अयोध्या आंदोलन के समय स्व झुनझुनवाला विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे. वे जाने-माने गौसेवक भी थे. विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय कार्यालय नयी दिल्ली से झुनझुनवाला परिवार से किसी एक सदस्य को समारोह में शामिल होने के लिए टेलीफोन के माध्यम से आमंत्रित किया गया है. उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आगामी 5 अगस्त को श्री राम मंदिर का भूमिपूजन समारोहपूर्वक होना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई गणमान्य लोग हिस्सा लेंगे.







