चाकुलिया : चाकुलिया स्टील फैक्ट्री परिसर में चल रही सात दिवसीय राम कथा, मानस चतुश्शती समारोह सह स्वर्ण जयंती के पांचवें दिन, शुक्रवार को कथा वाचक आचार्य सीताराम शास्त्री ने कहा कि भगवान के चरणों में प्रेम होना ही भक्ति है. वेदों में बताया मार्ग ही हमारे लिए श्रेष्ठ है, वेदों में बताएं मार्ग पर चलें जीवन सफल होगा. सत्संग से मोक्ष की प्राप्ति होती है. राम वनवास प्रसंग की कथा में उन्होंने कहा कि वचन पालन करना धर्म है. प्रभु श्रीराम ने अपने पिता के वचन को पूरा करने के लिए वनवास जाकर पुत्र धर्म का पालन किया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि मरने के बाद मुक्ति नहीं मिलती, बल्कि संतों की संगति से जीवन से मुक्ति मिलती है. जो ईष्ट के नाम का जाप करता है प्रभु उसके हृदय में वास करते हैं. जो गृहस्थाश्रम में रहकर रोज प्रभु के नाम का जाप करें, प्रभू की कृपा प्राप्त होगी. श्रद्धा के साथ चित्रकूट में साधना करें तो प्रभु की कृपा होगी. प्रभु 10 वर्ष तक चित्रकूट में रहे, वहां के कण-कण में प्रभु का वास है. चित्रकुट ही हमारा चित है. कथा के आयोजन से मनुष्य को सद्बुद्धि के साथ-साथ वेद ग्रंथों का संरक्षण होता है. जीवन में जिसने छल को छोड़कर प्रभु का नाम न लिया हो उसका जीवन शोक के समान है. भगवान की सेवा करने में जीवन का कल्याण है. भगवान के दर्शन संतों के माध्यम से संभव है. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर शास्त्री जी द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीत चित्रकूट में रघुनंदन छाए…,सीता राम जी की प्यारी रजधानी लागे मोहे मीठो मीठो सरजू जी को पानी लागे…,सीता राम जय सीता राम राधे श्याम जय राधे श्याम… जैसे गीतों पर श्रोता देर शाम तक झूमते रहे. कथा के अंत में चाकुलिया के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा रामायण पर आधारित अंताक्षरी प्रस्तुत की गई. कथा के सफल संचालन में रवि झुनझुनवाला, प्रभात झुनझुनवाला, दीपक झुनझुनवाला, आलोक लोधा, संजय लोधा, अमित भारतीय, सुभाष लोधा, बासू लोधा, लिच्चू रुंगटा, गौतम शर्मा, निकुंज लोधा, बिट्ठल शर्मा, आनंद सेक्सरिया, अविनाश सुरेखा समेत अन्य लोगों ने अहम भूमिका निभाई. वहीं आयोजन समिति द्वारा निर्मित अयोध्या के राम दरबार मंदिर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना.















