
चाकुलिया : घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत चाकुलिया, धालभूमगढ़, बहरागोड़ा और घाटशिला के बीआरपी व सीआरपी ने मंगलवार को विधायक कार्यालय पहुंच कर विधायक समीर महंती को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि सीएम हेमंत सोरेन की सरकार दैनिक वेतन / अनुबंध पर काम कर रहे कर्मियों को नियमित करने के लिए तत्पर है. सरकार के प्रधान सचिव ने पत्रांक 15 दिनांक 28 अक्टूबर के अनुसार राज्य सरकार अंतर्गत विभिन्न विभागों में अनुबंध / संविदा पर कार्यरत कर्मियों की सेवा शर्तों में सुधार और नियमितिकरण करने के लिए सूची की मांग की गयी है, परंतु उप विकास आयुक्त और जिला शिक्षा अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम कार्यालय द्वारा प्रखंड स्तर पर कार्यरत अनुबंध / संविदा कर्मियों की सूची नही मांगी गयी है और सरकार के प्रधान सचिव कार्यालय को उपलब्ध नहीं करायी गयी है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
बीआरपी व सीआरपी ने विधायक से आग्रह किया है कि इस संबंध में पहल करते हुए समस्या का समाधान करें, ताकि अनुबंध /संविदा पर कार्यरत कर्मियों का नियमीतिकरण किया जा सके. इस पर सभी बीआरपी / सीआरपी ने विधायक श्री महंती को उनकी समस्याओं को विधान सभा के सत्र में उठाने के लिए आभार व्यक्त किया. तत्पश्चात विधायक ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे संबंधित विषय पर पहल कर समस्या के समाधान करने का प्रयास करेंगे. इस दौरान प्रणव बेरा, सुजय महतो, सुजीत कुमार, बिमल सतपति, राजकिशोर राणा, दिलीप दास, गणेश चन्द्र महतो, देवेन्द्र नाथ पात्र समेत अन्य उपस्थित थे.







