
जमशेदपुर : दीपावली कुछ दिन ही बच गए हैं. इस साल कोरोना महामारी के कारण वैसे तो जिला प्रशासन की ओर से लगभग हर क्षेत्र में पूरी सख्ती बरती जा रही है. वहीं पटाखा कारोबारियों पर भी नकेल कसने की पूरी तैयारी की जा रही है. आपको बता दें बीते रविवार को जिला प्रशासन ने जुगसलाई क्षेत्र के अवैध पटाखा कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी करते हुए 6 दुकानों को सील कर दिया था. वहीं जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के पटाखा कारोबारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और अपनी दुकानों के आगे धरने पर बैठ गए हैं. इनका कहना है कि दीपावली पटाखों का ही त्यौहार है.
ऐसे में जिला प्रशासन कुछ खास लोगों को लाइसेंस दे कर उन्हें बेरोजगार करने पर तुली है. इन्होंने कोरोना महामारी का हवाला देते हुए जिला प्रशासन से दीपावली में पटाखों का लाइसेंस दिए जाने की मांग की है. वैसे उन्होंने साफ कर दिया है, कि इनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक जिला प्रशासन इनकी मांगो पर विचार नहीं करती. बताया जा रहा है, कि जुगसलाई इलाके में ही लगभग 14 पटाखा कारोबारी हैं.






