
रांची : झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती का अंतिम संस्कार रांची में किया गया. इससे पहले उनके पार्थिक शरीर को बंगलुरु से रांची एयरपोर्ट पर लाया गया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इससे पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में सजल चक्रवर्ती के निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सम्मिलित हुए. मुख्यमंत्री सहित राज्य के तमाम आला अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय सजल चक्रवर्ती को श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वर्गीय सजल चक्रवर्ती का संस्मरण करते हुए कहा कि स्वर्गीय चक्रवर्ती का निधन प्रशासनिक, सामाजिक और मानवता के लिए एक बड़ी क्षति है. वे किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. वे सभी लोगों के प्रति सहज और सरल थे. अपने जीवन काल में उन्होंने जिम्मेदारियों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कई अधिकारियों को उनके साथ कार्य करने का मौका मिला. मुझे भी कुछ समय के लिए उनके साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ. इस अवधि में मैंने पाया कि वे प्रशासनिक कार्यों को लेकर संजीदा और जिम्मेदार रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक वे बीमारी से ग्रस्त रहे, उनकी शारीरिक स्थिति को देखकर कई बार कुछ बातें सुनने को मिली परंतु अपने कार्यशैली में उन्होंने कभी अपने शरीर को लेकर बाधा नहीं आने दिया. आज वे हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके द्वारा किए गए कार्य हमारे दिलों में सदैव रहेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि जीव जंतु के प्रति उनका लगाव सभी जानते हैं. आज के समय में ऐसे व्यक्ति बहुत कम ही मिलते हैं जो जीव जंतु से इस कदर प्यार करते हैं. श्रद्धाजलि सभा में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, सभी अपर मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव सहित अन्य आला अधिकारी उपस्थित थे.














