
चाकुलिया : सबर समाज संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधि मंडल ज़िला पार्षद शिवचरण हांसदा और बाघराय मांडी के नेतृत्व में जमशेदपुर के उपविकास आयुक्त से मिलकर जाति प्रमाण पत्र बनने में आ रही दिक्कतों के बारे में अवगत कराया और उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा. ऑनलाइन प्रमाण पत्र सूची में सबर जाति के लोधा उपजाति का उल्लेख नहीं होने के कारण कई सबर युवक युवतियों का प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने की वजह से उच्च शिक्षा और नौकरियों से वंचित होना पड़ रहा है.
उपविकास आयुक्त ने कहा कि शिक्षा और नौकरी के लिए अब से सबर जनजाति के लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि वे आज ही चाकुलिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को इस आशय का पत्र भेजेंगे ताकि प्रखंड से सबरों का जाति प्रमाण पत्र निर्गत हो सके.मौके पर प्रतिनिधि मंडल में दिलीप सबर, मधु सबर, लालटू सबर, मिथुन सबर, भोकेट सबर, चुनाराम सबर, पुटली सबर, महेंद्र सबर ,लालू हांसदा समेत अन्य उपस्थित थे.






