जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत डिमना रोड स्थित शंकोसाई रोड नंबर पांच में सरकारी जमीन पर शव दफनाने पर सरकार द्वारा रोक लगाने को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने शव के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया. आदिवासी समाज के लोगों का कहना है कि जहां पर वे लोग शव दफनाते थे, उसे सरकारी जमीन का हवाला देकर शव दफनाने पर रोक लगा दी गई थी. अब उसी जगह कब्जा कर दुकानें बन गई हैं. समाज के लोगों का कहना है कि वे लोग काफी सालों से वहां शव दफनाते आ रहे हैं. कभी किसी ने उन्हें नहीं रोका, पर अब उन्हें शव दफनाने से रोका जा रहा है. इधर सूचना पाकर उलीडीह थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस ने मौके पर क्यूआरटी की एक टीम को भी लगा दिया है. वहीं घटनास्थल पर एलआरडीसी रवींद्र गागराई और मानगो सीओ कामिनी कौशल लकड़ा भी मौके पर पहुंचीं. प्रशासन की ओर से समाज के लोगों को समझाया जा रहा है.








