
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित ग्रेजुएट क़ॉलेज फॉर वीमेंस परिसर सोमवार को छात्राओं के लिए अखाड़ा बना रहा. कॉलेज परिसर में 10-15 की संख्या में छात्राएं आपस में भिड़ गई. इधर कॉलेज कर्मियों ने इसकी सूचना कॉलेज की प्रचार्या को दी. सूचना पाकर प्रचार्या मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया पर छात्राओं ने उनके आदेश को भी अंदेखा कर दिया. मामला हाथ से निकलता देख प्रचार्या ने साकची पुलिस को इसकी सूचना दी. इधर साकची पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले गई. घटना के संबंध में प्रचार्या ने बताया कि लॉकडाउन को लेकर इन दिनों शहर के कॉलेज बंद है, फिलहाल कॉलेज में कार्यालय से जुड़े ही काम हो रहे है. सोमवार को कुछ छात्राओं द्वारा परिसर में मारपीट करने की सूचना मिली थी. जाकर देखा तो एक छात्रा ने अपने हाथ में पत्थर उठाया हुआ था. उन्होने सभी को समझाने का काफी प्रयास किया पर किसी ने उनकी बात नहीं सुनी. उन्होने इसकी सूचना पुलिस को दी.
दोनों पक्ष पहुंचे थाना, की लिखित शिकायत
इधर घटना के बाद दोनों पक्ष ने एक दुसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है. एक पक्ष से अंकिता यादव ने बताया कि वह अपने काम से कॉलेज गई हुई थी. इसी बीच ज्योती दास ने किसी छात्रा को उसके पास भेजकर वीडियो बनाने को कहा. जब उसने ज्योति से इसका कारण पूछा तो ज्योति उससे बहस करने लगी. इसी बीच उसके ज्योति को उसके निजी जीवन के बारे में कहा, इस बात के लिए उसने माफी मांगी और वहां से चली गई. परिसर के बाहर से राज नंदनी ने उसे कॉलेज के अंदर बुलाया और ज्योति के पास ले गई. इसी बीच ज्योति, पूनम और राजनंदनी ने उसके साथ मारपीट की. इधर ज्योति दास ने बताया कि अंकिता यादव ने उसके निजी जीवन के बारे में उल्टा सीधा कहा जिसको लेकर अंकिता को मना भी किया पर अंकिता ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट शुरु कर दी. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.




