
जमशेदपुर : कृषि बिल 2020 को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है. पिछले 2 महीनों से भी अधिक समय से दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों के समर्थन में एक ओर जहां देश भर के 23 से भी अधिक राजनीतिक संगठनों का समर्थन किसानों को मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ देश के कोने कोने में कृषि बिल 2020 का विरोध जारी है. झारखंड के जमशेदपुर में भी कई राजनीतिक एवं किसान संगठन कृषि बिल 2020 को वापस लिए जाने की मांग उठा रहे हैं. इसी क्रम में झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन की ओर से सोमवार को साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक पर कृषि कानून 2020 के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार से इस बिल को अविलंब रद्द किए जाने की मांग की गई. इस संबंध में यूनियन के संयुक्त सचिव सागर बेसरा ने केंद्र सरकार पर जमकर भड़ास निकाला और आंदोलनरत किसानों के समर्थन में केंद्रीय कृषि बिल 2020 को रद्द किए जाने की मांग कर डाली. साथ ही उन्होंने कृषि बिल 2020 के विरोध में आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया.





