
जमशेदपुर : भले वैश्विक महामारी का दौर अभी जारी है. लॉकडाउन के बाद से देशभर के निजी स्कूलों की ज्यादातर कक्षाएं अभी भी बंद हैं, लेकिन प्रवेश कक्षा के लिए नामांकन का दौर शुरू हो चुका है. पहले चरण में लॉटरी के माध्यम से नामांकन की प्रक्रिया जारी है. उधर झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से राज्य भर के निजी स्कूलों में बीपीएल कोटे के छात्रों के लिए प्रवेश कक्षा में नामांकन को लेकर 15 जनवरी से 27 जनवरी तक नामांकन लिए जाने का निर्देश जारी किया गया है. जिस पर जमशेदपुर अभिभावक संघ ने आपत्ति जताते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला शिक्षा अधीक्षक से मुलाकात कर 27 जनवरी के बाद एक हफ्ते का और वक्त बीपीएल वर्ग के बच्चों के अभिभावकों को दिए जाने की मांग की है. इस संबंध में संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार ने बताया कि इस अवधि में झारनेट प्रॉपर तरीके से काम नहीं कर रहा है, जिससे बीपीएल कोटे के अभिभावकों को आय प्रमाण पत्र बनाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए विभाग और सरकार बीपीएल वर्ग के बच्चों के अभिभावकों को एक हफ्ते की और मोहलत दे, ताकि निजी स्कूलों की प्रवेश कक्षा के बीपीएल कोटे में अभिवंचित वर्ग के बच्चों का नामांकन सुनिश्चित हो सके.






