
जमशेदपुर : राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस यानी इंटक समेत सभी केंद्रीय श्रम संगठनों के द्वारा आज पूरे देश में केंद्र सरकार के मजदूर नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर विरोध किया जा रहा है. इसी कड़ी में बुधवार को इंटक द्वारा केंद्र सरकार की ओर से संशोधित श्रम कानूनों को काला कानून बताते हुए जोरदार तरीके से केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी की गई. जानकारी देते हुए इंटक नेता और जुस्को ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी के निर्देश पर देशव्यापी राष्ट्रीय विरोध दिवस के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा संशोधित श्रम कानून, कृषि बिल आदि के विरोध में प्रदर्शन करने की बात कही. उन्होंने बताया, कि केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध जारी रहेगा जरूरत पड़ने पर सांसद आवास का भी घेराव किया जाएगा. उन्होंने चारों श्रम कानूनों को काला कानून बताया. इसके अलावा श्री पांडेय ने हवाई अड्डों के निजीकरण, ढाई लाख से अधिक पीएफ को लेकर किये गये प्रावधान आदि पर भी असंतोष जताया.




