जमशेदपुर : दीपावली की रात जहां पूरा जमशेदपुर शहर रोशनी और खुशियों में डूबा था, वहीं आतिशबाजी के दौरान हुई लापरवाही कई लोगों पर भारी पड़ गई. पटाखे जलाने के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में तीन दर्जन से अधिक लोग झुलसकर घायल हो गये. घायलों में बच्चों और युवाओं की संख्या सबसे अधिक रही. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, सदर अस्पताल, टीएमएच समेत अन्य अस्पतालों में लेकर पहुंचे. जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात पटाखों से झुलसने के बाद सबसे अधिक मरीज एमजीएम अस्पताल पहुंचे. (नीचे देखे पूरी खबर)

यहां कुल 18 लोगों का इलाज किया गया. इनमें बच्चों की संख्या अधिक थी. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश मरीजों को छुट्टी दे दी, जबकि गंभीर रूप से झुलसे तीन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है. इन मरीजों के मुंह और हाथ में अधिक चोटें आई हैं. वहीं, सदर अस्पताल में भी पटाखों से झुलसे आठ लोग इलाज के लिए पहुंचे. इनमें एक मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. इसके अलावा टीएमएच, टेल्को अस्पताल और मर्सी अस्पताल में भी आतिशबाजी से झुलसे लोगों का इलाज किया गया. दीपावली को देखते हुए अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था पहले से की गई थी. एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक के अनुसार, बर्न यूनिट में जरूरी दवाइयों, मरहम और उपचार से संबंधित उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी. मामूली रूप से झुलसे मरीजों को प्राथमिक उपचार और दवाइयां देने के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन मरीजों का वार्ड में इलाज जारी है. चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि पटाखों से जलने की स्थिति में घाव पर किसी तरह का घरेलू नुस्खा आजमाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें.











