
सरायकेला : चाईबासा की घटना के बाद झारखंड पुलिस अलर्ट पर है. इधर चाईबासा से सटे सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस की ओर से समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसपी सभी थाना प्रभारियों से रूबरू हुए. वैसे उन्होंने बताया, कि यह एक रूटीन समीक्षा बैठक है. इसके तहत अपराध नियंत्रण सहित कई बिंदुओं की समीक्षा थाना प्रभारियों एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ की जाती है. वहीं एक सवाल के जवाब में उन्होंने चाईबासा की घटना पर अफसोस जताते हुए जिले के कुचाई, सरायकेला, चौका और चांडिल थाना प्रभारियों को विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिए जाने की बात कही.
गौरतलब है कि इन थाना क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियां अभी भी संचालित होती है. वैसे एसपी एम अर्शी ने नक्सल प्रभावित थाना क्षेत्रों में ऑपरेशन जारी रखने की बात कही. साथ ही नक्सलियों का कमर तोड़ने का दावा किया. उधर चांडिल में युवती के साथ गैंगरेप की घटना का मामला प्रकाश में आने के बाद एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल युवती का इलाज कराया जा रहा है. आपको बता दें कि चांडिल थाना अंतर्गत कांदरबेड़ा से एक 23 वर्षीय युवती बरामद की गई है, युवती ने खुद को पिछले एक महीने से बंधक बनाकर 60 लोगों पर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है. युवती ने यह भी बताया है कि उसे बंधक बनाने वाले लोग उसे नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देते थे. युवती जमशेदपुर की रहने वाली बताई जा रही है.





