रांची : झारखंड को केंद्रीय सड़क निर्माण और भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दिल खोलकर एनएच के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद की है. इस कड़ी में शनिवार को केंद्रीय मंत्री ने ऑनलाइन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में 3550 करोड़ रुपये की लागत की कुल 539 किलोमीटर लंबी 21 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. कुल 7 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास झारखंड के लिए किया. इस कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय राज्य सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री वीके सिंह, केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्य सरकार के मंत्रीगण, राज्य के लोकसभा तथा राज्यसभा सांसद एवं विधायक उपस्थित थे. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द कई सारी लंबित सड़क परियोजनाओं को धरातल पर उतारे ताकि यहां का भी विकास हो सके. इस दौरान उन्होंने कई सारी परियोजनाओं की सूची भी सौंप दी. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि भारत माला के तहत झारखंड राज्य में चल रही परियोजनाों को पूरा किया जाये. इसके तहत छत्तीसगढ़ रायपुर से धनबाद का करीब 260 किलोमीटर का सड़क, जिसमें 140 किलोमीटर में का काम चल रहा है जबकि 146 किलोमीटर का काम अधूरा है, जिसको जल्द लेने का आग्रह किया गया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि ओड़िशा के संबलपुर से रांची इकॉनॉमिक कोरिडोर बनाये जाने की योजना है, जिसके तहत 146 किलोमीटर झारखंड में आता है और यह पूरी तरह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है, जिसको पूरा किया जाना चाहिए. इसके अलावा रांची से पाराद्वीप तक के खूंटी, हाटगम्हरिया, जयंतगढ़ होते हुए ओड़िशा तक के एनएच को बनाने की मांग की गयी. इसका 188 किलोमीटर का सड़क झारखंड में आता है, जिसको बना दिया जाये. इसी तरह उत्तर प्रदेश के बनारस से रांची तक इकॉनॉमिक कोरिडोर एनएच 75 तक 260 किलोमीटर झारखंड में है, जो काफी बहुपयोगी साबित होगा. ऐसे में 55 किलोमीटर का काम फोर लेन का हो चुका है और करीब 200 से अधिक किलोमीटर सड़क का काम शेष बच गया है, जिसको जल्द से जल्द पूरा किया जाये. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि तीन साल का समय दीजिये. तीन साल में झारखंड को यूरोप और अमेरिका की तर्ज पर हम लोग सड़कों का जाल बिछा देंगे. हम जो बोलते है, वह करके दिखाते है. तीन साल में झारखंड को सड़कों से जोड़ देंगे ताकि किसी तरह भी यह राज्य पिछड़ा राज्य में गिनती नहीं आ सके. भारत माला के तहत बिना किसी राजनीति के काम होगा और भारत के हर राज्य से झारखंड को जोड़ा जायेगा. इसके लिए राज्य सरकार सिर्फ भूमि अधिग्रहण, फॉरेस्ट क्लियरेंस और विधि-व्यवस्था को देख लें, फिर तो तत्काल सारे काम करा लिये जायेंगे. आपको बता दें कि झारखंड में भारत माला परियोजना के तहत लगभग 1000 किलोमीटर सड़कों को बनाया जा रहा है. लगभग 400 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की 21 सड़क परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास किया. जिन सड़कों का उद्घाटन हुआ, उसकी कुल लंबाई 245.19 किलोमीटर और लागत लगभग 2433.66 करोड़ है. शिलान्यास किए जाने वाले 14 सड़क परियोजनाओं की कुल लंबाई 184.8 किलोमीटर है और इस पर लगभग 754.71 करोड़ रुपए खर्च किए गये है. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

इन सड़कों का होगा उद्घाटन
घाघरा -गुमला सड़क मजबूतीकारण
हाट गम्हरिया -जैंतगढ़ सड़क मजबूतीकरण
महुलिया – बहरागोड़ा सड़क
बीजूपाड़ा – कुडू फोरलेन
कचहरी चौक रांची- पिस्का मोड-बिजुपाड़ा फोरलेन
बरही – हजारीबाग रोड
पिस्का मोड़- पालम सेक्शन फोरलेन
इन सड़क परियोजनाओं की रखी जाएगी नींव
कोलेबिरा -सिमडेगा एनएच 23 सड़क मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण
सिमडेगा -बांसजोर एनएच 23 सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण
एनएच -23 पर चिंदनाला पर आरसीसी ब्रिज निर्माण
एनएच 23 पर स्थानीय नाला पर आरसीसी ब्रिज निर्माण
एनएच 99 पर 79 से 117 किलोमीटर तक सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूती करण
एनएच 22 पर 11 से 30 किलोमीटर के बीच सड़क का चौड़ीकरण एवं अन्य कार्य
एनएच 100 पर 48 से 62 किलोमीटर के बीच सड़क का चौड़ीकरण एवं अन्य कार्य
एनएच 133 पर 23 से 62 किलोमीटर के बीच सड़क का चौड़ीकरण एवं अन्य कार्य
एनएच 345 पर अन्नराज घाटी, गढ़वा में घुमावदार सड़क में सुधार एवं अन्य कार्य
कुडू घाघरा टू लेन सड़क का चौड़ीकरण एवं अन्य कार्य
एनएच 218 पर 10 से 54 किलोमीटर के बीच सड़क का मजबूती करण और पुनर्निर्माण
एनएच 99 पर चंदवा में आरओबी का निर्माण
एनएच 114, ए पर 68 से 87 किलोमीटर पर सड़क का मजबूतीकरण एवं अन्य कार्य
एनएच 114, ए पर 245 और 260 किलोमीटर पर ब्रिज तथा एनएच 419 के 46 किलोमीटर पर ब्रिज निर्माण.












