
जमशेदपुर : देश भर में कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ साथ ऑक्सीजन की मांग भी बढ़ गई है. इसको देखते हुए जमशेदपुर से देश के कोने कोने तक ऑक्सीजन को टैंकरों में भरकर भेजा जा रहा है. सोमवार को रेलवे की ओर से 85 टन ऑक्सीजन उत्तर प्रदेश के लखनऊ भेजा जा रहा है. ये ऑक्सीजन जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित लिंडे के ऑक्सीजन प्लांट से भेजा जा रहा है. इसके पहले लिंडे की ओर से टैंकरों द्वारा देश के कोने कोने में ऑक्सीजन भेजा जा रहा है. यह पहला मौका है जब टाटानगर स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से ऑक्सीजन भेजने की तैयारी की जा रही है.(नीचे भी पढ़ें)
7 वैगन के माध्यम से 10 बड़े टैंकों में भरकर भेजा जा रहा ऑक्सीजन
जमशेदपुर से कुल 85 टन ऑक्सीजन लखनऊ भेजा जा रहा है. इन ऑक्सीजन को 10 टैंको में भरकर रेलवे के द्वारा 7 वैगनों में भरकर भेजा जा रहा है. हालांकि टैंको को 5 वैगनों में ही लोड किया गया है. बाकी के दो वैगन को आगे और पीछे सुरक्षा को देखते हुए लगाए गए है. इनके साथ एक बोगी और गार्ड वैगन भी होंगे जिसमे रेलवे के अधिकारी और रैफ के जवान भी होंगे.रेलवे द्वारा ऑक्सीजन भेजने के पहले टाटानगर से लेकर लखनऊ के बीच ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है. इन दो स्टेशन के बीच ट्रेन कहीं नहीं रुकेगी ताकि जल्द से जल्द ट्रेन को लखनऊ पहुंचाया जा सके.











