
जमशेदपुरः अंगिका जागृति संघ अंगिका जागृति संघ के संरक्षक सह ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के अनुज प्रवीण सिंह का हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया. निधन की खबर पाकर उनके सगे संबंधियों व अंगिका समाज में शोक की लहर दौड़ गयी. उनके निधन पर अंगिका जागृति संघ ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. अंगिका जागृति संघ के अध्यक्ष कौशल सिंह, संयोजक रवींद्र झा,महासचिव शिव शंकर सिंह ने कहा कि प्रवीण सिंह का यूं चला जाना समाज के लिए बहुत बड़ी क्षति है. प्रवीण सिंह के द्वारा अंगिका समाज के साथ-साथ दूसरे समाज के हर शोषित, वंचित, जरूरतमंद को नि:स्वार्थ भाव से मदद की जाती थी. उनका व्यक्तित्व समाज के लिए एक मिसाल था, जिसकी भरपाई आने वाले दिनों में असंभव है. पूरे अंगिका समाज ने आज अपना बेटा खो दिया. दुःख की इस घड़ी में समाज उनके परिवार के साथ है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि परिवार को सहनशक्ति प्रदान करे. दूसरी ओर अंगिका सेवा सदन, छोटा गोविंदपुर के शशि भूषण सिंह, चंद्रशेखर सिंह, रमन सिंह, डॉ परितोष सिंह ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने कहा कि अंगिका सेवा सदन के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है.











