
जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन हर जरूरी एहतियात कदम उठा रही है. बावजूद इसके जिले में संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है. हर दिन मौत के आंकड़े डरावने होते जा रहे हैं. ऐसे में विधि व्यवस्था को नियंत्रित करने और सोशल एक्टिविटीज को सुचारू रखने के लिए सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा बड़ी समस्या बनती जा रही है. सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस मुख्यालय में काम करने वाले पदाधिकारियों एवं जवानों का कोविड-19 जांच किया गया. इस संबंध में बताया गया, कि यहां काम करने वाले जवानों और अधिकारियों के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से एंटीजन टेस्ट कराया जा रहा है, ताकि संक्रमित पाए जाने वाले अधिकारियों एवं जवानों को तत्काल आइसोलेट किया जा सके. निश्चित तौर पर लॉ एंड ऑर्डर और सोशल एक्टिविटीज को सामान्य बनाए रखने के लिए अब यही एक विकल्प बच गया है. नियमित जांच और सुरक्षा के साथ जीवन जीने की आदत लोगों को डालनी होगी. तब जाकर जनजीवन सामान्य रूप से पटरी पर लौट सकेगी. हालांकि बढ़ते कोरोना वायरस के फैलाव को देखते हुए ऐसा नहीं लग रहा है कि ऐसे उपाय ठोस और कारगर साबित होंगे. वैसे सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसे सार्थक पहल कहा जा सकता है.













