
जमशेदपुर : देश भर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है. हर दिन लगभग चार लाख लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे है. इससे रेलवे में भी यात्रियों की भारी कमी देखी गई है. इस कमी को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली से चलने वाली राजधानी, दुरंतो और शताब्दी ट्रेनों समेत कुल 28 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है. यह ट्रेन अगले आदेश तक रद्द रहेंगी. इस आदेश के बाद से टाटानगर होकर चलने वाली दिल्ली–भुवनेश्वर–दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी रद्द हो जायेगी जिससे टाटानगर से दिल्ली और भुवनेश्वर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा. रेलवे द्वारा गुरुवार से टाटा हावड़ा स्टील स्पेशल एक्सप्रेस और हावड़ा बड़बिल जन शताब्दी एक्सप्रेस को भी यात्रियों की कमी के कारण अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है. रेलवे द्वारा बुक किए गए टिकट की राशि वापस कर दी जाएगी.













