
घाटशिला : कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने घाटशिला प्रखंड के लोगों को कोरोना वैक्सीन दिलाने के लिए जेसी हाई स्कूल परिसर में वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया है. सेंटर पर वैक्सीन लेने के लिए सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. सेंटर पर किसी बात को लेकर ग्रामीण और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बकझक हुई और मामले को बिगड़ता देख स्वास्थ्य कर्मी सेंटर से वापस अनुमंडल अस्पताल लौट गये. वहीं ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा. वैक्सीनेशन सेंटर पर बवाल की सूचना पाकर एसडीपीओ, बीडीओ और दंडाधिकारी सेंटर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. इसके साथ ही उपस्थित लोगों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया. पदाधिकारीयों ने सेंटर से वापस गये स्वास्थ्य कर्मियों को दोबारा वापस बुलाकर सेंटर पर वैक्सीनेशन कार्य को शुरू करवाया. समाचार लिखे जाने तक मामला शांत है और वैक्सीनेशन सेंटर पर स्थानीय पदाधिकारियों के देखरेख में लोगों को वैक्सीन दी जा रही है.













