जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने गश्त और निगरानी बढ़ाने की दिशा में पहल तेज कर दी है. इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नगर ललित मीणा ने सीसीआर परिसर में टाइगर मोबाइल के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. (नीचे देखे पूरी खबर)

बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मनोज ठाकुर और पुलिस निरीक्षक अविनाश कुमार उपस्थित थे. इस दौरान टाइगर मोबाइल के जवानों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सघन गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया. एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की जानकारी जुटाने, उनका सत्यापन करने और अपराध में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित करने पर जोर दिया. इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखने तथा अपराध से जुड़ी सूचनाओं का संकलन कर समय पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना, अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखना और आम लोगों के बीच सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है. एसपी सिटी ने टाइगर मोबाइल के जवानों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पुलिसिंग को प्रभावी बनाएं, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके.












