
घाटशिला : विगत दिनों बहरागोड़ा के पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी राखा सबर बस्ती पहुंचकर सबरों की समस्या से रूबरू हुए थे. सबरों ने श्री षाड़ंगी को बताया था कि न तो उनके पास अपनी जमीन है और न ही आवास. वे सभी किसी तरह झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ जीवन-बसर कर रहे हैं. बरसात में झोपड़ी नुमा घर में रात जगकर रात गुजारते हैं. सबरों ने कहा कि टोला के सभी सबर परिवार राशन कार्ड और वोटर कार्ड के अलावा हर सरकारी सुविधा पाने से वंचित हैं. सबरों की यह स्थिति देख श्री षाड़ंगी ने तत्कालीन मदद के रूप में राशन सामग्री उपलब्ध करवायी थी. साथ ही उनके आवास की स्थिति को देखते हुए उनकी आने वाली पीढ़ी को एक बेहतर भविष्य के लिए यथासंभव मदद का आश्वासन दिया था. इस मामले को कुणाल षाड़ंगी ने जिला के उपायुक्त के संज्ञान में लाया और त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया था. उपायुक्त ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए इलाके के बीडीओ को वहां बसे हुए लाचार परिवारों के जायजा लेने के लिए भेजा. परिस्थिति का आंकलन करने के पश्चात अधिकारियों द्वारा वहां बसे 10 परिवारों को 15 दिनों के भीतर सरकारी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर का लाभ मिलने का आश्वासन दिया गया है. साथ ही आसपास में बसे 90 अन्य परिवारों को सरकारी तौर से बसाने के लिए सरकार द्वारा प्रति परिवार 3 डिसमिल सरकारी जमीन देने पर विचार करने की बात कही गयी है. सबरों को अपना पक्का मकान मिलेगा, यह सुनकर सबर परिवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे. सबरों ने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें बरसात में रात जगकर नहीं गुजारनी पड़ेगी, उनका भी अब अपना पक्का घर होगा और वे परिवार के साथ चैन की जिंदगी जी सकेंगे.













