जमशेदपुर : लोक आस्था का महापर्व छठ के मद्देनजर जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने डिमना लेक, दोमुहानी घाट, स्वर्णरेखा घाट एवं बागबेड़ा घाट का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों एवं पहुंच पथों की समुचित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था तथा छठ व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक नागरिक सुविधाएं ससमय दुरुस्त कर ली जाएं. घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने, पर्याप्त बैरिकेडिंग करने तथा महिलाओं एवं बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक लगाने तथा खतरनाक स्थलों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश को प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर, प्रशिक्षित बचाव दल, नाव एवं लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके. घाटों पर चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस की व्यवस्था रखने के साथ-साथ नियंत्रण कक्ष के माध्यम से व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित नगर निकायों एवं विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं छठ पर्व से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें. वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल एवं यातायात कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी एवं अन्य माध्यमों से निगरानी रखने तथा घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को समय रहते पूर्ण करने को कहा. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, पथ निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.












