
जमशेदपुरः जमशेदपुर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की शुरुआत हो गई है. मानगो नगर निगम, मानगो ट्रैफिक पुलिस, मानगो थाना पुलिस और अंचल कार्यालय की ओर से संयुक्त रूप से इस अभियान को चलाया जा रहा है. मंगलवार को ही एनएच-33 के किनारे खड़ी गाड़ियों से जुर्माना वसूला गया था. बुधवार को भी अभियान जारी रखते हुए जुर्माना वसूला गया. अभियान की शुरुआत 11 बजे से हुई जो दोपहर 2 बजे तक चली. पारडीह चौक से अभियान की शुरुआत हुई. मानगो नगर निगम के सिटी मैनेजर निशांत कुमार ने बताया कि मंगलवार से अभियान की शुरुआत की गई है. बुधवार को संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया जिसमे मानगो अंचलाधिकारी, मानगो नगर निगम के कार्यपालक अभियंता, मानगो थाना प्रभारी और मानगो ट्रैफिक पुलिस थी. मानगो नगर निगम की ओर से दुकानदारों का ट्रेड लाइसेंस चेक किया गया. जिनके पास लाइसेंस नहीं मिले उनसे जुर्माना वसूला गया. वहीं ट्रैफिक पुलिस की ओर से सड़क किनारे खड़े वाहनों से भी जुर्माना वसूला गया. उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा.











