
जमशेदपुर : सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल चेम्बर उपाध्यक्ष ट्रेड विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख से उनके रांची स्थित कार्यालय में मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने बाजार समिति जमशेदपुर में व्याप्त दुर्दशा पर चर्चा की. बाजार समिति के जीर्णोद्धार की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने बाजार समिति शुल्क पुनः लागू किये जाने की चर्चा के विषय पर मंत्री को बताया कि बाजार समिति शुल्क लगाने की बजाय राजस्व संग्रह के अन्य शोत्रों पर विचार किया जाए. बाजार समिति शुल्क लगाने से पहले की तरह भ्रष्टाचार का बोलबाला हो जाएगा. सरकार के पास साधनों की कमी के कारण बाजार समिति के बाहर व्यापार रोकना सम्भव नहीं है, ऐसे में बाजार समिति का व्यापार खत्म हो जाएगा. सरकार बाजार समिति के व्यापारियों को अपनी दुकानों के ऊपर घर या कार्यालय बनाने की अनुमति प्रदान करे. खाली पड़ी जमीन पर दुकानें, वेयरहाउस, कोल्डस्टोर इत्यादि बनाये. किसानों का माल बाजार समिति में आये ऐसा प्रयास करना चाहिए. प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि बाजार समिति की कमिटी में चेम्बर के एक प्रतिनिधि को सदस्य के रूप में लिया जाए. मंत्री से निवेदन किया कि वे बाजार समिति जमशेदपुर आकर वस्तुस्थिति से अवगत हो. मंत्री ने सभी बातों को सहानुभूतिपूर्ण तरीके से सुना एवं बताया कि बाजार समिति शुल्क लगाने पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है. बाजार समिति के विकास के कार्य के लिए राजस्व की आवश्यकता है. हम अन्य माध्यमों से राजस्व संग्रह पर विचार करेंगे. उन्होंने जमशेदपुर बाजार समिति आने का आग्रह भी स्वीकार किया. प्रतिनिधिमंडल में चेम्बर उपाध्यक्ष विजय आनंद मूनका के साथ सचिव सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना, व्यापार मंडल के महासचिव करण ओक्षा, अजय अग्रवाल शामिल थे. सभी ने अपने विचारों को मंत्री के समक्ष रखा.





