
जमशेदपुर : पटमटा प्रखंड के लावा पंचायत अंतर्गत दुआरडीह गांव के रहने वाले प्रगतिशील किसान विश्वनाथ मार्डी ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद व्यवसाय के रूप में खेती का चुनाव किया। इनके परिजन पूर्व में केवल धान की खेती किया करते थे जिससे साल में केवल एक फसल होने से आमदनी काफी कम होता था। इस कारण जमशेदपुर शहर में दैनिक मजूदर के रूप में भी इन्हें काम करना पड़ा। बुरे वक्त में प्रवासी मजदूर के रूप में श्री मार्डी ने बंगाल जाकर काम किया, ताकि परिवार को आर्थिक रूप से कठिनाई न हो। परिवार से दूर रहने एवं खेती बाड़ी में झुकाव होने के कारण विश्वनाथ मार्डी पुनः अपने गांव की ओर लौटे और कुछ नए तरीके से खेती करने का मन बनाया। चूंकि इनकी पढाई इंटरमीडिएट तक हुई थी जिसका लाभ आधुनिक खेती करने में इनको मदद मिला जिससे आज इनका परिवार खुशहाल जीवन जी रहा है। (नीचे भी पढ़ें)

उद्यान प्रभाग से जुड़कर प्रशिक्षण प्राप्त किया, लीज पर जमीन लेकर कर रहे खेती : कृषि विभाग के उद्यान प्रभाग से जुड़कर श्री मार्डी ने प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त कर 3 एकड़ में विभिन्न सब्जी, फसलों का खेती आधुनिक तरीके से करना प्रारंभ किया। इन्हे आशातीत सफलता मिलने के उपरान्त अपने आस पास के 10 एकड़ जमीन लीज में लेकर विभिन्न सब्जी फसल यथा लौकी, टमाटर, गोभी एवं खीरा का उत्पादन करना शुरू किया। अपने ग्राम के करीब 15-20 महिला मजदूर को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। श्री मार्डी अपने उत्पाद को पड़ोसी राज्य बिहार, बंगाल, ओडि़सा एवं जमशेदपुर में विक्रय करते हैं। (नीचे भी पढ़ें)

श्री मार्डी बताते हैं कि उनके दो बच्चे हैं जिनको अग्रेजी माध्यम के स्कूल में पढ़ा रहे हैं। हाल के दिनों में बिरसा कृषक विश्वनाथ मार्डी ने खेती किसानी के आय से ही अपने परिवार के लिए कार भी खरीदा है। श्री मार्डी बिरसा कृषकों के लिए प्रेरणा के स्त्रोत हैं। कृषि विभाग के उद्यान प्रभाग से श्री मार्डी को गुणवत्तायुक्त सब्जी उत्पदान करने के लिए कीट रहित सब्जी बिचड़ा उत्पादन इकाई अनुदान पर उपलब्ध कराया गया है। जिसमें वह स्वस्थ पौधे तैयार कर गुणवत्तायुक्त सब्जी का उत्पादन करते है। श्री मार्डी बिरसा किसान अन्य किसानों को भी झारखंड सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं से लाभ लेने के लिए जागरूक कर रहे हैं। (नीचे भी पढ़ें)

जिला उद्यान पदाधिकारी मिथिलेश कालिंदी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 उद्यान विकास की योजनाओं के लिए योग्य लाभुकों से आवेदन लिये जा रहे हैं। पूर्वी सिंहभूम जिला के बिरसा किसान उद्यान मित्र / प्रखंड तकनीकि प्रबंधक / सहायक तकनीकि प्रबंधक / झारखंड स्टेट लाइवली हुड प्रमोशन सोसाइटी / झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी से संपर्क कर आवेदन यथाशीध्र प्राप्त कर योजनाओं का लाभ उठायें।













