
चाकुलिया : चाकुलिया नया बजार स्टेशन रोड से पश्चिम बंगाल सीमा से सटे आमलागोड़ा गांव तक वर्षों पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण किया गया था. उक्त सड़क अब जर्जर हो चुकी है. सड़क पर कई बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं, जिससे सड़क पर आने-जाने में ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि इसी सड़क से गांव के स्कूली बच्चे और ग्रामीण रोजाना चाकुलिया बाजार और प्रखंड मुख्यालय पहुंचते हैं. बरसात के दिनों में सड़क पर उभरे गड्ढों में जल जमाव होने से सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है. सड़क पर चलना भी मुश्किल हो जाता है. कई बार ग्रामीण गड्ढे में गिर कर जख्मी भी हो चुके हैं. ग्रामीणों ने कहा कि उक्त सड़क मरम्मत के लिए कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिलकर मरम्मत कराने गुहार लगाई जा चुकी है, परंतु अब तक सड़क मरम्मत कराने की दिशा में जनप्रतिनिधियों द्वारा पहल नहीं की गयी है.













