
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मुसाबनी थाना क्षेत्र स्थित केनाल में बीते दिनों दो शव बरामद किया गया था. उनमें से एक शव पर बागबेड़ा के परिवार ने अपना दावा प्रस्तुत किया है. हालांकि शव की शिनाख्त के बावजूद पुलिस ने परिजन का डीएनए टेस्ट करवाया. डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की पहचान हो पाएगी. दरअसल बागबेड़ा निवासी निलेश कुमार सिंह ने 21 अक्टूबर को अखबार में मुसाबनी में शव मिलने की खबर पढ़ी थी. जिसके बाद उन्होंने शव की पहचान आइडेंटीफिकेशन मार्क के माध्यम से की है. बागबेड़ा आनंदनगर निवासी निलेश ने बताया कि शव उनके पिता श्रवण कुमार सिंह (58) का है. उनके पिता घरेलू विवाद के बाद 7 अक्टूबर की शाम को घर से निकल गए थे, फिर वापस नहीं आए. परिजनों ने काफी खोजबीन की पर उनके पिता नही मिले. अंत में उन्होंने बागबेड़ा थाना को जानकारी दी. 21 अक्टूबर को उन्हें अखबार में शव मिलने की खबर मिली तो वे शव की शिनाख्त करने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे. उन्होंने शरीर पर मार्क के माध्यम से शव की पहचान की. हालांकि पुलिस ने उन्हें डीएनए टेस्ट करवाने को कहा है, ताकि आधिकारिक रूप से पहचान हो सके. बता दें कि बीते दिनों मुसाबनी थाना क्षेत्र के केनाल में दो शव बरामद किया गया था. शव सड़े-गले स्थिति में था. फिलहाल एक शव की पहचान नहीं हो पाई है.






