
जमशेदपुर : केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले एक्ससाइज ड्यूटी में कटौती किये जाने के बाद देश में पेट्रोलियम और डीजल की कीमतों में कमी आयी है. वहीं केंद्र सरकार के फैसले के बाद कई राज्यों ने भी अपने-अपने टैक्स में कमी की है. जिसके बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 10 से 12 रुपये की कमी आयी है. वैसे झारखंड में अभी एक्साइज ड्यूटी कम नहीं किया गया है. इसको लेकर विपक्षी दल अब सरकार को घेरने में जुटी हुई है. शनिवार को जमशेदपुर महानगर भाजपा द्वारा जिला मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री के नाम जिले के उपायुक्त के माध्यम से एक मांग पत्र सौंपा है. इसके माध्यम से भाजपाइयों ने केंद्र के तर्ज पर राज्य सरकार से भी टैक्स कम करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को पेट्रोल और डीजल के बढ़े कीमतों से निजात मिल सके और महंगाई पर नियंत्रण किया जा सके. दिवाली से ठीक पहले केंद्र सरकार के फैसले से लोगों को पेट्रोल और डीजल पर 10 से 5 रुपए का लाभ हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा की ओर से कहा गया है कि भाजपा नीत केंद्र सरकार के इस फैसले से जनता को काफी राहत मिली है. वहीं गैर भाजपा शासित राज्य ओड़िशा और सिक्किम में भी राज्य सरकारों ने शु:ल्क में कटौती करते हुए जनता को राहत दिलाई है. लेकिन झारखंड सरकार द्वारा अब तक शुल्क को कम करने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है. यही कारण है कि भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा पेट्रोल और डीजल के टैक्स को कम करने की मांग राज्य सरकार के समक्ष रखी गई है. ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि 100 करोड़ टीकाकरण के बाद कोरोना के मामलों में कमी आई है. अब देश की अर्थव्यवस्था ने रफ्तार पकड़ना शुरू ही किया है. केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल को बढ़ती कीमतों को देखते हुए टैक्स में कमी की है. इसको देखते हुए कई राज्यों ने भी टैक्स में कमी की है पर झारखंड में अब तक इस तरह का कदम नहीं उठाया गया है. आज झारखंड सरकार पेट्रोल में 17 रुपए का टैक्स लोगों से वसूल रही है. अब झारखंड सरकार भी टैक्स में कमी कर लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य करे.













