
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा भाटिया बस्ती स्थित नील सरोवर छठ घाट से सटे हुए एक मकान की जमीन की घेराबंदी का मसला ने सोमवार को और तूल पकड़ लिया. यहां स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का बैनर पोस्टर लगाया गया था, जो विवादित जमीन पर था, जिसको उक्त जमीन के तथाकथित दावेदारों ने फाड़ दिया. सूचना मिलने के बाद काफी संख्या बन्ना गुप्ता के समर्थक वहां पहुंचे तो वहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गयी. इसके बाद कदमा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर खुद पूरे दल बल के साथ पहुंचे और मामले को संभाला. बताया जाता है कि नील सरोवर के पास एक जमीन है, जिसका मसला सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है. इस मसले को लेकर यह दावा किया जाता है कि नीलचंद महतो और अन्य लोगों के पक्ष में डिग्री दी गयी है. सोमवार की शाम को जमीन के मालिक अपने परिवार की महिलाओं के साथ छठ घाट पर पहुंचे और वहां लगाये गये पोस्टरों को फाड़ दिया. दोनों पक्ष के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद कदमा थाना में सारे लोगों को लाया गया, जहां दोनों गुटों के बीच मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.













