
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड में स्वच्छ भारत मिशन अभियान की पोल खुल रही है, जहां प्रखंड कार्यालय से इस अभियान की शुरुआत हुई थी उसी कार्यालय जाने वाली सड़क पर बदबूदार पानी का जमाव होने से अभियान की धज्जियां उड़ रही हैं। प्रखंड कार्यालय जाने वाली सड़क के बगल में निर्मित एक आवास से शौचालय के चेंबर से बदबूदार पानी निकलकर सड़क पर जमाव हो गया है जिससे राहगिरों के साथ साथ प्रखंड कार्यालय जाने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गंदे पानी की जमाव की और अबतक किसी का ध्यान नहीं गया है,इस रास्ते से होकर कई बार प्रखंड के पदाधिकारी और कर्मी आना जाना कर रहे हैं परंतु पानी की बहाव को सड़क पर बंद कराने की दिशा में किसी ने भी अबतक पहल नहीं किया है।राजलाबांध पंचायत के उप मुखिया सह टीम कुणाल के सदस्य जगदीश राय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने जिला के उपायुक्त को सड़क पर जमे पानी की तस्वीर के साथ ट्वीट कर जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है। श्री राय ने कहा कि प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क पर बदबूदार जल जमाव होने से सड़क पर आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है परंतु इस और अब तक प्रखंड प्रशासन की नजर नहीं गई है जिससे लोगों में भी आक्रोश है।





