
जमशेदपुर : भारतीय जनतांत्रिक मोर्चा आगामी 23 दिसंबर को आभार दिवस मना रहा है. इस अवसर पर मोर्चा की ओर से जमशेदपुर के एग्रिको मैदान में श्री रामचरित मानस के सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया गया है. इसे लेकर जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने बुधवार को एग्रिको मैदान का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने सामूहिक सुंदरकांड पाठ के लिए तैयारियों का जायजा लिया. विदित हो कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में प्रचंड जीत दर्ज कर सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा अस्तित्व में आयी उसके बाद से लगातार पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है. जमशेदपुर पूर्वी की जनता का आभार प्रकट करने के उद्देश्य से हर साल भाजमो इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करती है, जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हैं. विधायक सरयू राय ने कहा कि जिस तरह जनता ने 2 साल पूर्व हमें मौका दिया, ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के माध्यम से हम जनता के प्रति हर साल आभार प्रकट करते हैं. इस साल भी 23 दिसंबर को सुंदरकांड पाठ किया जाएगा. जिसमें क्षेत्र के सभी देवालय से महिलाएं कलश लेकर यहां आयेंगी और सुंदरकांड पाठ में हिस्सा लेंगी. उसके बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा.







