जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र में जनसुविधाओं की बदहाली और स्थानीय स्तर पर दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को मानगो के वार्ड नंबर 3, 18 और 19 का सघन दौरा किया. तीनों वार्डों में सफाई, पेयजलापूर्ति, सड़क और नाली व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब मिली. कहीं सीवेज का गंदा पानी घरों में घुस रहा है तो कहीं पानी की पाइपलाइन होने के बावजूद लोगों को पेयजल नहीं मिल रहा. नालों पर कब्जा और पानी की पाइपलाइन काटे जाने की शिकायतों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्थानीय दबंगों के प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.वार्ड नंबर 3 में शेन इंटरनेशनल स्कूल से एनएच-33 के बीच स्थित लोटस रेजिडेंसी की स्थिति बेहद चिंताजनक है. यहां तीन दर्जन से अधिक परिवार रहते हैं, लेकिन सीवेज और ड्रेनेज निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है. स्थानीय लोगों ने सरयू राय को बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व विरोध के बाद बिल्डर ने एक पतली पाइप निकासी के लिए लगाई थी, जो बार-बार जाम हो जाती है. पाइप जाम होने के कारण सीवेज और ड्रेनेज का गंदा पानी आसपास के घरों और सड़कों पर फैल रहा है. (नीचे भी पढ़े)

लोगों ने गंदगी, बदबू और घरों तक पहुंच रहे मलबे की स्थिति विधायक को दिखायी. सरयू राय ने सवाल किया कि बिना सीवेज और ड्रेनेज निकासी की व्यवस्था के इतनी बड़ी इमारत का निर्माण कैसे हो गया? उन्होंने आश्वस्त किया कि इस समस्या का समाधान कराया जाएगा. बिल्डर अथवा मानगो नगर निगम को यह सुनिश्चित करना होगा कि सीवेज और ड्रेनेज का मलबा सुरक्षित तरीके से बाहर निकले और लोगों को नारकीय स्थिति से मुक्ति मिले.श्री राय के अनुसार, वार्ड नंबर 18 और 19 में हालात और भी बदतर मिले. इन मुस्लिम बहुल इलाकों में पेयजल के लिए पाइपलाइन बिछी हुई है, लेकिन घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेयर चुनाव से पहले पानी आता था, लेकिन चुनाव के बाद आपूर्ति बंद हो गई. लोगों ने यह भी शिकायत की कि मेन लाइन से कनेक्शन जोड़ने पर दबंग लोग पाइप काट देते हैं और उन्हें पानी लेने से रोकते हैं. लोगों ने श्री राय को बताया कि एक भू-माफिया नाले को संकरा कर जमीन पर कब्जा करने की नियत रखता है. वार्ड नंबर 19 में सड़क पर बहता गंदा पानी इस बात का प्रमाण है कि जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. आसपास मस्जिद होने के कारण नमाजियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है. गंदे पानी से होकर मस्जिद पहुंचने के बाद उन्हें दोबारा पैर साफ करने और वजू की व्यवस्था करनी पड़ती है. (नीचे भी पढ़े)

सरयू राय ने बताया कि इन वार्डों में कई मकान सड़क से नीचे स्तर पर बने हैं. बरसात में इन घरों में पानी और गंदगी घुसने का खतरा और बढ़ जाता है. स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानियां विधायक के सामने रखीं और कहा कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है. जनसुविधाओं की बदहाली के बीच राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोगों की दबंगई ने आम नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.सरयू राय ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से मिलकर इन समस्याओं के समाधान पर जवाब मांगेंगे. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निगम यदि समस्याओं का समाधान कर सकता है तो तत्काल करे, अन्यथा अपनी असमर्थता स्पष्ट बताए, ताकि समस्या के समाधान के लिए दूसरी राह अपनाई जा सके. इस दौरान मानगो नगर निगम क्षेत्र के मोअज्जिज लोगों के साथ अलग से बैठक भी हुई. लोगों ने सरयू राय से कहा कि सफाई व्यवस्था बदहाल है. यदि नियमित और मुकम्मल सफाई नहीं हुई तो इलाके नरक में तब्दील होते चले जाएंगे.
उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का सवाल किसी धर्म या समुदाय से जुड़ा नहीं है. हिंदू बहुल हो या मुस्लिम बहुल, मानगो के सभी इलाकों में पेयजलापूर्ति, सफाई और नाली व्यवस्था बदहाल है. मानगो नगर निगम को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी. दौरे के दौरान लोगों ने इस बात पर संतोष जताया कि उनकी समस्याओं को सुनने और समझने के लिए कोई जनप्रतिनिधि उनके बीच पहुंचा. इस मौके पर वार्ड नंबर 18 की पार्षद जूली परवीन, वार्ड नंबर 19 की पार्षद रानी परवीन, सन्नी मिर्जा, वार्ड नंबर 19 के प्रतिनिधि फिरोज आलम, इम्तियाज, असलम, बबलू, साबिर, इकबाल, उमर, शाहिद, राजा, फैसल, मोहम्मद नसीम, मुमताज भाई, सन्नाउल्लाह, एजाज, दिलशाद, बेबी, फिरोज आलम, बंबईया चाचा, रानी परवीन, पप्पू सिंह, बबलू कुमार, संतोष प्रमाणिक, विकास कुमार साहनी, प्रवीण सिंह, प्रेम सक्सेना, संजय सिंह, अरुण श्रीवास्तव, परविंदर राम, योगेंद्र साहू, आनंद पांडे, सागर दत्ता, संतोष भगत, टनटुन सिंह, सुनील महतो, चचल कुमारी, मनोज गुप्ता, भवानी सिंह एवं भरत प्रसाद आदि मौजूद रहे.














