
रांची : सहारा इंडिया के कार्यकर्ता और एजेंटों ने भारत सरकार के सेबी पर हमला बोला है. सहारा इंडिया के कार्यकर्ताओं ने सेबी के खिलाफ झारखंड के राजभवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की. इन लोगों का कहना है कि जमाकर्ताओं की राशि वापसी को लेकर इन दिनों ज्यादा दबाव निवेशकों ने बढ़ाया है. जमाकर्ता पैसा देने के लिए लगातार दबाव बना रहे है. कार्यकर्ताओं को नियमित वेतन तक नहीं मिल पा रहा है. कई एजेंट दबाव नहीं झेल पा रहे है और आत्महत्या कर ले रहे है. इन लोगों का कहना है कि सेबी ने 24 हजार करोड़ रुपये सहारा इंडिया का रख लिया है, जिस कारण ना तो निवेशकों का पैसा लौट पा रहा है और ना ही कर्मचारियों को ही वेतन मिल पा रहा है. जमाकर्ताओं की राशि परिपक्व (मैच्यूरिटी) होने के बावजूद नहीं लौटाया जा रहा है. सेबी के कारण ही सहारा में कार्यरत 12 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के समक्ष रोजगार की समस्या उत्पन्न हो चुकी है. इन लोगों ने कहा है कि इस मामले में तत्काल सेबी पर सरकार या राष्ट्रपति को दबाव बनाकर पैसे दिलवाना चाहिए ताकि सबके साथ न्याय हो सके.





