
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने एक पत्र लिखकर जमशेदपुर के उपायुक्त से यह मांग की है कि स्थानीय एवं राष्ट्रीय पर्व टुसू एवं मकर संक्रांति के अवसर पर जमशेदपुर एवं आसपास के नदी घाटों, तालाबों एवं जलाशयों की समुचित साफ-सफाई करायी जाये ताकि श्रद्धालु पवित्र भाव से सपना पूजा संपन्न कर सकें. डीसी को लिखे पत्र में सांसद श्री महतो ने कहा कि मकर पर्व और मकर संक्राति पूरे भारत वर्ष का महान पर्व है. झारखण्ड में विशेष कर यह पर्व टुसु पर्व के रूप में लोक आस्था से जुड़ा हुआ है, अत्यंत महत्वपूर्ण त्योहार है. यह पर्व सम्पूर्ण झारखण्डी जनता द्वारा पूरे श्रद्धा, आस्था और मनोयोग से मनाया जाता है. इस पर्व के अवसर पर मकर संक्राति के दिन (14 जनवरी) को सभी लोग नदी अथवा तालाबों में प्रातः के समय स्नान करते हैं एवं तत्पश्चात् सूर्य भगवान का पूजा पाठ करने के उपरांत ही पारंपरिक रूप से पीठा-मुढ़ी, दही-चूड़ा, तिल आदि ग्रहण करते हैं. इस अवसर पर विभिन्न नदी घाटों, तालाबों, जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते हैं. इस अवसर पर जमशेदपुर स्थित विभिन्न नदी घाटों विशेष कर सोनारी स्थित दोमुहानी, साकची के स्वर्णरेखा, भुईयांडीह, बारीडीह, कदमा, बेली बोधनवाला घाट बिष्टुपुर, बागबेड़ा बड़ौदा घाट, मानगो के विभिन्न घाटों सहित शहर में स्थित कुछ महत्वपूर्ण तालाबों की साफ सफाई अत्यंत आवश्यक है. इस संबंध में समुचित व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है. सांसद श्री महतो ने उपायुक्त को कहा कि इस संबंध में संबंधित निकायों और संबंधित पदाधिकारियों को समूचित दिशा निर्देश देना चाहिए.












