
जमशेदपुर : गर्लफ्रेंड के पास मोबाइल नहीं था तो युवक ने गर्लफ्रेंड को मोबाइल देने के लिए राह चल रही नाबालिग का मोबाइल ही छीन लिया. मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के वीमेंस कॉलेज के पास का है. इस मामले में पुलिस ने गोलमुरी निवासी तौसिफ अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने तौसिफ की निशानदेही में छीना हुआ मोबाइल को घटना में प्रयुक्त स्कूटी को बरामद कर लिया है. पूछताछ में तौसिफ ने पुलिस को बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड के पास मोबाइल नहीं है जिससे वह अपनी गर्लफ्रेंड से बात नहीं कर पाता. उसकी गर्लफ्रेंड अक्सर उससे मोबाइल की मांग करती है. शनिवार को भी वह मोबाइल के लिए झगड़ा कर रही थी. वह उसे मोबाइल देने की बात कह रहा था. इतने में उसने देखा कि विमेंस कॉलेज के पास एक नाबालिग मोबाइल पर बात करते जा रही है. उसने तुरंत नाबालिग का मोबाइल छीन लिया. हालांकि वह बच ना सका और पुलिस की गिरफ्त में आ गया. वहीं जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि मामले में लक्ष्मी कुमारी द्वारा शिकायत की गई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी फूटेज की जांच की और तौसिफ की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.




