जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई गौशाला चौक से गाराबासा को जोड़नेवाले जर्जर गौशाला नाला रोड की मरम्मत का काम शुरु होते ही बीच में रुक गया है. इस दौरान कुछ दूर तक जो सड़क बनाई गयी थी उसे भी घटिया निर्माण का हवाला देते हुए तोड़ दिया गया और उसका दोबारा निर्माण कराये जाने की बात की गयी है. बता दें कि वर्षों से जर्जर पड़े गौशाला नाला रोड का अभी हाल ही में पुनर्निर्माण आरंभ हुआ था, किन्तु दो-तीन दिन बाद ही अचानक काम रुक गया. फिर एक दिन रातोंरात आधी बनी सड़क को उसकी पिच उखाड़ कर तोड़ भी दिया गया और फिलहाल तो वह पिच लगी गिट्टी भी वहां से हटा दी गयी है. स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि ठेकेदार द्वारा अत्यंत घटिया सड़क बनाई जा रही थी, जिसकी शिकायत नगर परिषद् में की गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)

पैर से हल्का ठोकर लगाने पर भी पिच और गिट्टी उखड़ जा रही थी, जिसके कारण रातोंरात उसे उखाड़ दिया गया. पूछताछ करने पर जुगसलाई नगर परिषद् के विशेष पदाधिकारी ने इसकी जानकारी नहीं होने की बात करते हुए संबंधित अभियंता से बात करने को कहा, हालांकि नगर परिषद् सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटिया सड़क निर्माण के कारण नगर परिषद् की ओर से सड़क तो तोड़वा दिया गया है, ठेकेदार द्वारा उसका दोबारा निर्माण कराया जायेगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा कराया गया सड़क निर्माण इतना घटिया स्तर का था कि सड़क एक बरसात भी नहीं झेल पाती. ऐसे निर्माण से तो अच्छा है नगर परिषद् सड़क बनवाती ही नहीं. सड़क बनाकर तोड़े जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है.



