रामगोपाल जेना/ मंझारी: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 24 जनवरी को खतियानी जोहार यात्रा को लेकर मंझारी प्रखंड में योगेन्द्र नाथ बिरुवा की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में मझगांव विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि 24 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का खतियानी जोहार यात्रा मझगांव विधानसभा के मंझारी प्रखंड में तय हुआ है. इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता अपने स्तर से तैयारी में जुट जायें. मंझारी प्रखंड के प्रत्येक पंचायत में 5-5 सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है. सिर्फ मंझारी प्रखंड से ही 20 हजार से अधिक संख्या में लोग पहुंचे इसकी तैयारी करनी है. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को एतिहासिक बनाने के लिए हर संभव प्रयास करना है. विधायक ने कहा कि पूरे राज्य में सभी जगह खतियानी जोहार यात्रा में लोगों की अपार भीड़ उमड़ रही है. उस सभी रिकार्ड को तोड़ना ही मझगांव विधानसभा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. विधानसभा के चारों प्रखंड में सबसे बड़ी जिम्मेदारी मंझारी प्रखंड समिति की है. क्योंकि आपके प्रखंड को ही मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के लिए चुना है.(नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा तीनों प्रखंड से भी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में आने के लिए लक्ष्य दिया गया है. उन्होंने कहा कि मझगांव विधानसभा में बिजली विभाग की शिकायत बहुत ज्यादा सुनने को मिल रहा है. बिना सूचना दिये ही विभाग की ओर से लोगों का बिजली को काट दिया जा रहा है. विभाग के पदाधिकारियों को फोन से भी जानकारी दी गई है कि लोगों का बिजली बिना सूचना के नहीं काटे. इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी जानकारी दी जायेगी. जिससे गरीबों को किसी प्रकार बिजली की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़े. इस मौके पर सोनाराम देवगम, हिरामोरा पूर्ति, सुशीला बारी, जितेन्द्र पूर्ति, चन्द्रमोहन बिरुवा, अरविंद कुंकल, सनातन बिरुवा, कृष्ण मोहन, मंगल बिरुवा, हरिश चन्द्र बिरुवा, विजय बारी समेत काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे.




